÷हमीरपुर:
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में संस्थान के वार्षिक तकनीकी महोत्सव निंबस 2026 के लिए Orientation Programme का आयोजन संस्थान के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को संस्थान की तकनीकी गतिविधियों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राकेश शर्मा, फैकल्टी इंचार्ज, तकनीकी गतिविधियाँ, ने व्यावहारिक शिक्षण, नवाचार, टीमवर्क एवं नेतृत्व कौशल के विकास में तकनीकी गतिविधियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने निंबस 2026 की थीम “Aethera: Beyond the Sentient” की जानकारी दी, जो पारंपरिक बुद्धिमत्ता से आगे बढ़कर भविष्यपरक सोच एवं नवाचार को प्रोत्साहित करती है।
अपने संदेश में निदेशक, एनआईटी हमीरपुर प्रो. एच. एम. सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास के लिए तकनीकी एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. अर्चना संतोष नैनोटी, कुलसचिव, एनआईटी हमीरपुर, ने विद्यार्थियों से कौशल विकास एवं नवाचार के लिए संस्थान द्वारा उपलब्ध मंचों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। अपने संदेश में प्रो. वाई. डी. शर्मा, अधिष्ठाता (छात्र कल्याण) ने कहा कि तकनीकी एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सहभागिता विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं नेतृत्व क्षमता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
तकनीकी गतिविधियों की छात्र अध्यक्ष, सुश्री सारयू, ने टीम टेक्निकल एक्टिविटीज़ की कोर कमेटी का परिचय दिया तथा विभिन्न तकनीकी क्लबों के उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी साझा की। इस अवसर पर बताया गया कि तकनीकी गतिविधियों के क्लबों में प्रवेश हेतु फ्रेशमैन इंटरव्यू का आयोजन 17 एवं 18 जनवरी 2026 को किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त यह भी जानकारी दी गई कि Innovision एवं TEDx NIT Hamirpur का आयोजन 13 एवं 14 फरवरी 2026 को किया जाएगा, जबकि संस्थान का वार्षिक तकनीकी महोत्सव Nimbus 2026 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसकी थीम “Aethera: Beyond the Sentient” निर्धारित की गई है।
इस कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, सह-अधिष्ठाता (छात्र गतिविधियाँ), डॉ. सुनील शर्मा, सह-अधिष्ठाता (छात्र अनुशासन एवं परामर्श), डॉ. अमन कुमार, फैकल्टी इंचार्ज (अनुशासन) तथा डॉ. कीर्ति महाजन, सह फैकल्टी इंचार्ज (तकनीकी गतिविधियाँ) सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Orientation Programme में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और यह कार्यक्रम एनआईटी हमीरपुर में उनकी तकनीकी यात्रा की एक प्रभावशाली शुरुआत सिद्ध हुआ।

